राजनांदगांव। महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पांच सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन माओवादियों पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा कुल 28 लाख रुपए का इनाम घोषित था। शेष दो को हिरासत में लिया गया है, जिनकी उम्र को लेकर पुष्टि के बाद बाल न्यायालय में पेश किया गया।
क्या है मामला?
गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर बिनगुंडा गांव से इन माओवादियों को गिरफ्तार किया। ये सभी माओवादी सुरक्षाबलों पर हमले सहित कई हिंसक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।

बरामद हुए भारी हथियार
पकड़े गए नक्सलियों के पास से सुरक्षाबलों ने:
- एक एसएलआर रायफल
- एक 303 रायफल
- तीन सिंगल शॉट रायफल
- दो भरमार बंदूकें
- तीन वॉकी-टॉकी
- गोला-बारूद और नक्सली साहित्य बरामद किया है।
गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान
- उंगी मंगरू होयम उर्फ सुमली – डीवीसीएम, प्लाटून क्र. 32 (इनाम ₹16 लाख)
- पल्लवी केसा मीडियम उर्फ बंडी – एसीएम, प्लाटून क्र. 32 (इनाम ₹8 लाख)
- देवे कोसा पोडियाम उर्फ सबिता – प्लाटून सदस्य (इनाम ₹4 लाख)
- दो अन्य नक्सली – नाबालिग होने की संभावना, बाल न्यायालय बोर्ड के समक्ष पेश
कैसे हुआ ऑपरेशन?
- पुलिस को सूचना मिली कि लाहेरी थाना क्षेत्र के बिनगुंडा गांव में 50-60 माओवादी एकत्र हैं।
- 18 मई को सीआरपीएफ की टीमों को जंगल क्षेत्र में रवाना किया गया।
- 19 मई को सी-60 दस्ता गांव को घेरकर तलाशी अभियान में जुटा।
- नक्सली घात लगाने की फिराक में थे लेकिन सुरक्षाबलों ने बिना गोलीबारी किए पांच नक्सलियों को हिरासत में ले लिया।
- अन्य माओवादी गांव और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गढ़चिरौली पुलिस की बड़ी उपलब्धि
जनवरी 2022 से अब तक गढ़चिरौली पुलिस कुल 103 माओवादियों की गिरफ्तारी कर चुकी है, जो नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।