राजनांदगांव। मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय सिंह ठाकुर की पत्नी डॉ. दीपमाला सिंह ठाकुर (33) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा 24 मई की रात करीब 8 बजे हुआ, जब वे ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रही थीं। रामकृष्ण नगर चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गहन उपचार के लिए रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 25 मई की रात करीब 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। रविवार को राजनांदगांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बताया जा रहा है कि डॉ. दीपमाला की शादी महज 11 महीने पहले हुई थी। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई शासकीय मेडिकल कॉलेज जगदलपुर से की थी और सिम्स बिलासपुर से माइक्रोबायोलॉजी में एमडी किया था। वे विभागीय आदेश की प्रतीक्षा में थीं, जिसके बाद उन्हें बांडेड चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं प्रारंभ करनी थी। इससे पहले ही यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।
उनके असामयिक निधन से चिकित्सा समुदाय में शोक की लहर है। युवा और होनहार चिकित्सक के रूप में पहचानी जाने वाली डॉ. दीपमाला की मौत को स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी क्षति माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।